गुढ़ — जनपद पंचायत रीवा अंतर्गत ग्राम पंचायत खजुहा कला में सचिव की अनुपस्थिति के चलते ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार पूर्व सचिव का स्थानांतरण पिछले माह कर दिया गया था, परंतु नवपदस्थ सचिव अब तक ज्वाइन नहीं कर सके हैं। जिससे पंचायत के दैनिक कार्य पूरी तरह ठप पड़े हुए हैं।
जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, जाति निवास सहित अन्य जरूरी कार्यों के लिए ग्रामीण भटकने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पंचायत में त्वरित रूप से सचिव की नियुक्ति की जाए ताकि आम जनता के कार्य समय पर हो सकें।
ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत सचिव के बिना न तो शासन की योजनाएं लागू हो पा रही हैं, न ही दस्तावेजों का सत्यापन संभव हो पा रहा है। आखिर सचिव ज्वाइन क्यों नहीं कर रहे हैं, यह तो वे ही जानें, लेकिन इस लापरवाही की कीमत ग्रामीण चुका रहे हैं।
प्रशासन यदि शीघ्र संज्ञान नहीं लेता है तो जन आक्रोश पनपने की पूरी संभावना है।