सुशील जी का जीवन संतुलन, संयम और सेवा का जीवंत उदाहरण – रुपनारायण सिन्हा, अध्यक्ष छग योग आयोग
दिवंगत समाजसेवी एवं आरएसएस कार्यकर्ता सुशील जी सगदेव को प्रभु दर्शन भवन में दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
बिलासपुर। टिकरापारा स्थित ब्रह्माकुमारीज़ के प्रभु दर्शन भवन के हार्मनी हॉल में दिवंगत समाजसेवी एवं आरएसएस कार्यकर्ता सुशील जी सगदेव की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में आरएसएस एवं ईश्वरीय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
श्रद्धांजलि के लिए रायपुर से आए छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष रूप नारायण सिन्हा ने अपने उद्बोधन में कहा कि सुशील जी का जीवन योग के वास्तविक सिद्धांतों—संतुलन, संयम और सेवा का जीवंत उदाहरण था। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक अभ्यास नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक श्रेष्ठ कला है, जिसे सुशील जी ने अपने आचरण से सिद्ध किया। उनका सरल स्वभाव, सकारात्मक दृष्टिकोण और समाज के प्रति समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।




सभा को संबोधित करते हुए ब्रह्माकुमारी मंजू दीदी ने सुशील भाई के व्यक्तित्व को स्मरण करते हुए कहा कि उनका ‘स्माइलिंग फेस’ (मुस्कुराता चेहरा) और सहनशीलता ही उनकी सबसे बड़ी पहचान थी।
उन्होंने बताया कि जीवन के अंतिम समय में भी उन्होंने गंभीर बीमारी और शारीरिक कष्ट को अत्यंत धैर्य, सहजता और मुस्कान के साथ सहन किया, जो उनकी आंतरिक शक्ति का परिचायक है। उनके स्वभाव में मधुरता, नम्रता एवं सेवा भाव स्पष्ट रूप से झलकता था, जिससे वे सभी के प्रिय बन गए थे।
उन्होंने आगे कहा कि सुशील भाई मूलतः दुर्ग एवं नागपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सक्रिय एवं समर्पित कार्यकर्ता रहे और विशेष रूप से कोरोना काल में उन्होंने समाज सेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित संघ परिवार के सदस्यों ने उनके अनुशासित जीवन, राष्ट्रभक्ति और निस्वार्थ सेवा को याद करते हुए उन्हें सच्चा ‘राष्ट्र प्रहरी’ बताया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने उनके जीवन से प्रेरणा लेते हुए ‘पहले आप’ की भावना, नम्रता एवं क्षमाशीलता को अपनाने का संदेश दिया।
अंत में दीदी ने मेडिटेशन कमेंट्री के माध्यम से सभी को क्षमादान योग कराया। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा राजयोग ध्यान के माध्यम से श्रद्धासुमन अर्पित किए।
*मीडिया प्रभाग
*ब्रह्माकुमारीज़, टिकरापारा, बिलासपुर
