भव्य कलश यात्रा के साथ सात दिवसीय कथा का शुभारंभ, भक्तिमय हुआ बरसैता गांव
गुढ़ (अखंड सत्ता)
तहसील गुढ़ अंतर्गत ग्राम बरसैता स्थित प्राचीन अमसोन माता मंदिर परिसर इन दिनों पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में सराबोर है। गांव में आयोजित होने जा रही संगीतमय सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के शुभ अवसर पर आयोजकों द्वारा भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिलाओं, युवाओं एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
पूरे गांव में भक्तिमय जयकारों और मंगल गीतों के साथ निकली इस कलश यात्रा ने धार्मिक आस्था का अद्भुत वातावरण निर्मित कर दिया। मंदिर परिसर में विधिवत पूजा-अर्चना एवं भागवत कथा की बैठकी संपन्न हुई।
आयोजकों ने जानकारी देते हुए बताया कि श्रीमद्भागवत कथा का विधिवत शुभारंभ कल से होगा, जिसमें प्रतिदिन कथा श्रवण के लिए क्षेत्रभर से श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। कथा आयोजन को लेकर गांववासियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है तथा मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है।
कार्यक्रम को सफल एवं भव्य बनाने में गांव के वरिष्ठजनों, युवाओं एवं श्रद्धालुओं का सराहनीय सहयोग मिल रहा है। आयोजन समिति में प्रमुख रूप से डॉ. भृगुनाथ पांडेय, केशरी प्रसाद मिश्रा, जवाहर लाल मिश्रा, हीरा लाल शुक्ला, बृजेंद्र मिश्रा, विनीत शुक्ला, दयाशंकर मिश्रा, शंभु प्रसाद मिश्रा, राजन पांडेय, राजेश पांडेय, अजय पांडेय, देवेश शर्मा, प्रमोद पांडेय, मंगलेश्वर पटेल, अम्बरीष मिश्रा, लालजी दुबे, आदेश मिश्रा, नीतेश मिश्रा, शिवनारायण पांडेय, बलराम चतुर्वेदी, अखिलेश चतुर्वेदी, रामबरखा शुक्ला, सुनील पटेल, संजू त्रिपाठी, संदीप मिश्रा, अरविंद द्विवेदी, राजाराम द्विवेदी, बालेन्द्रशेखर मिश्रा उपसरपंच बरसैता सहित अनेक श्रद्धालु सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
ग्रामीणों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा रसपान करने एवं धर्म लाभ अर्जित करने की अपील की है।
