गोविंदगढ़ (अखंड सत्ता)
नगर के शासकीय महाविद्यालय गोविंदगढ़ द्वारा नए शैक्षणिक सत्र में अधिक से अधिक विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा में भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित “कॉलेज चलो अभियान” के दूसरे चरण को गति दे दी गई है। अभियान के अंतर्गत नगर के विभिन्न विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक प्रचार-प्रसार कर विद्यार्थियों को कॉलेज प्रवेश के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. उपमा सिंह के निर्देशन में गठित कॉलेज चलो अभियान समिति के संयोजक डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह सहित डॉ. प्रीति मिश्रा, डॉ. सतीश द्विवेदी, श्री राजीव चतुर्वेदी, डॉ. अजय शंकर शुक्ला, श्री बृजेश नामदेव एवं पवनसुत त्रिपाठी द्वारा नगर में विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम चलाया गया।
अभियान के दौरान टीम ने पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोविंदगढ़, शासकीय पुष्पराज उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोविंदगढ़ सहित नगर के अन्य प्रमुख स्थानों पर पहुंचकर विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को उच्च शिक्षा के महत्व से अवगत कराया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को महाविद्यालय की प्रवेश प्रक्रिया, उपलब्ध संकायों, शैक्षणिक सुविधाओं, पुस्तकालय, छात्र हितैषी व्यवस्थाओं तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। समिति सदस्यों ने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के माध्यम से बेहतर भविष्य निर्माण के लिए प्रेरित करते हुए समय पर प्रवेश लेने का आह्वान किया।
महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के अधिकाधिक विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना तथा उन्हें शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाना है। अभियान के दूसरे चरण में विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से सकारात्मक संवाद देखने को मिला, जिससे आगामी प्रवेश प्रक्रिया में बेहतर भागीदारी की उम्मीद जताई जा रही है।
