रीवा जिले के गुढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरसैता में 17 मई से निरंतर चल रहे भव्य श्रीमद् भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ का श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ समापन हुआ। कथा के अंतिम दिन आयोजित विशाल भंडारा एवं महाप्रसाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
धार्मिक आयोजन में गुढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक नागेंद्र सिंह शामिल हुए। उन्होंने व्यास पीठ की पूजा-अर्चना कर कथा व्यास एवं संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा क्षेत्र की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इस दौरान भाजपा जिला मंत्री एवं विधायक प्रतिनिधि बाबूलाल यादव तथा पीएसओ विष्णु सिंह भी उपस्थित रहे। आयोजक समिति द्वारा सभी अतिथियों का स्वागत किया गया।
मां अमसोन धाम बरशैता के पूज्य कथा व्यास आचार्य श्री अमरनाथ जी महाराज ने कई दिनों तक अपने प्रवचनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को श्रीमद् भागवत महापुराण के विभिन्न दिव्य प्रसंगों का श्रवण कराया। कथा के अंतिम दिन सुदामा चरित्र एवं परीक्षित मोक्ष के प्रसंगों का वर्णन कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
कथा की पूर्णाहुति के पश्चात आयोजित विशाल भंडारे में बरशैता सहित आसपास के कई गांवों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में आयोजक मंडल, सहयोगी जनों एवं भक्तों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
