गुढ़ (अखंड सत्ता)
मानिकवार डीसी अंतर्गत ग्राम नर्रहा में आरआरआरडीएस योजना के तहत लगाए जा रहे 63 केवी ट्रांसफार्मर को लेकर विवाद की स्थिति सामने आई है। भाजपा मंडल महामंत्री लक्ष्मीकांत शुक्ला ने आरोप लगाया है कि कमलेश शुक्ला के बोर के पास ट्रांसफार्मर लगाने का कार्य व्यक्तिगत लाभ पहुंचाने की मंशा से किया जा रहा है, जो न्यायसंगत नहीं है।
उन्होंने कहा कि यदि ट्रांसफार्मर को गांव की आगे की बस्ती में स्थापित किया जाए तो इससे अधिक संख्या में ग्रामीणों को लाभ मिल सकेगा। उनका कहना है कि वर्तमान स्थान पर ट्रांसफार्मर लगाने से केवल सीमित लोगों को लाभ मिलेगा, जबकि सार्वजनिक योजना का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को सुविधा उपलब्ध कराना होना चाहिए।
लक्ष्मीकांत शुक्ला ने यह भी आरोप लगाया कि मामले को लेकर जब संबंधित अधिकारियों से चर्चा की गई तो संतोषजनक जवाब नहीं मिला। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि प्रस्तावित ट्रांसफार्मर का स्थान परिवर्तित कर उसे बस्ती क्षेत्र में लगाया जाए ताकि योजना का लाभ अधिक लोगों तक पहुंच सके।
ग्रामीणों ने भी मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित निर्णय लेने की मांग की है।
