बिलासपुर। छत्तीसगढ़ को साइबर क्राइम मुक्त राज्य बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिह के निर्देशानुसार जिले में विशेष साइबर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिह के नेतृत्व में संचालित इस अभियान के तहत पचपेड़ी थाना क्षेत्र में विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक किया जा रहा है। थाना प्रभारी कमला पुसाम ठाकुर की पहल पर 16 अगस्त से शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों तथा छात्रावासों में लगातार साइबर जागरूकता कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यशालाओं के माध्यम से अब तक करीब 3,5०० से अधिक विद्यार्थियों को मोबाइल और ऑनलाइन माध्यम से होने वाली विभिन्न प्रकार की साइबर ठगी तथा उससे बचाव के उपायों की जानकारी दी जा चुकी है। कार्यशाला में विद्यार्थियों को विशेष रूप से मोबाइल पर आने वाले ओटीपी को किसी के साथ साझा नहीं करने, अनजान एपीके फाइल डाउनलोड नहीं करने, संदिग्ध लिक पर क्लिक नहीं करने तथा अनजान नंबरों से आने वाले व्हाट्सऐप मैसेज और वीडियो कॉल को सावधानीपूर्वक हैंडल करने की सलाह दी गई। साथ ही साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल 193० हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करने की जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को बताया कि साइबर अपराधी लोगों के भय, अज्ञानता और लालच का फायदा उठाकर उन्हें ठगी का शिकार बनाते हैं। इसलिए डिजिटल संसाधनों का उपयोग करते समय सतर्कता और सुरक्षा बेहद जरूरी है। विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहने की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम को सफल बनाने में पचपेड़ी थाना टीम, पुलिस बालमित्र रोशना डेविड तथा उड़ान जीएस सोसायटी महासमुंद का निरंतर सहयोग रहा।
