गुढ़ (अखंड सत्ता)
जनपद पंचायत रायपुर कर्चुलियान अंतर्गत ग्राम पंचायत बड़ागांव के टोला सिलचट में शासकीय आंगनवाड़ी भवन का निर्माण वर्षों बाद भी अधूरा पड़े रहने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि शासन की योजना के तहत शुरू हुआ भवन निर्माण आज तक पूरा नहीं हो सका, जबकि इसके लिए स्थानीय लोगों ने अपनी निजी भूमि तक दान कर दी थी।
ग्रामीणों के अनुसार पूर्व सरपंच भावना तिवारी के कार्यकाल में आंगनवाड़ी भवन निर्माण की पहल की गई थी। गांव के लोगों ने बच्चों के बेहतर भविष्य और शासकीय योजनाओं के सुचारू संचालन की उम्मीद के साथ स्वेच्छा से भूमि उपलब्ध कराई थी। भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया था तथा जल्द निर्माण पूरा होने की उम्मीद जताई थी।
ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य शुरू तो हुआ, लेकिन वर्षों बीत जाने के बाद भी भवन अधूरा ही पड़ा हुआ है। समय के साथ भवन की स्थिति भी खराब होती जा रही है।
1500 की आबादी, फिर भी सुविधाओं का अभाव
ग्रामीणों के अनुसार सिलचट की आबादी लगभग 1500 है, जहां एक आंगनवाड़ी केंद्र संचालित हो रहा है। वर्तमान में जिस भवन में केंद्र संचालित हो रहा है, उसकी स्थिति भी जर्जर बताई जा रही है। ऐसे में छोटे बच्चों, गर्भवती महिलाओं और अन्य लाभार्थियों को आवश्यक सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में स्थानीय सरपंच, जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागीय अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक निर्माण पूरा कराने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई।
ग्रामीणों ने कहा कि बच्चों के हित को ध्यान में रखते हुए उन्होंने अपनी भूमि दान की थी, लेकिन भवन अधूरा रहने से लोगों में निराशा बढ़ी है। उनका कहना है कि यदि जल्द निर्माण कार्य पूरा नहीं कराया गया तो उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि आंगनवाड़ी भवन का निर्माण शीघ्र पूरा कराया जाए, जिससे बच्चों और महिलाओं को सुरक्षित एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
