
बिलासपुर। सिंधी समाज के आराध्य देव भगवान श्री झूलेलाल की आराधना का पावन पर्व श्री झूलेलाल चालिहा महोत्सव 20 जुलाई से श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। महोत्सव में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर पूजा-अर्चना, आरती, भजन-कीर्तन एवं सत्संग में भाग ले रहे हैं। पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है और महोत्सव “भक्ति का संगम, आस्था का उत्सव एवं एकता का संदेश” देने का माध्यम बन रहा है।महोत्सव के दौरान समाज के लोग नित्य नियम कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। देश के विभिन्न शहरों से पधार रहे संत-महात्मा अपने सत्संग, भजन एवं आध्यात्मिक प्रवचनों से संगत को भावविभोर कर रहे हैं। श्रद्धालु संतों के रूहानी दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।प्रतिदिन आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में सुबह 9:00 बजे वरुण देवयज्ञ, 9:30 बजे आरती, सायं 7:00 बजे आरती तथा 7:30 बजे प्रसाद वितरण किया जाता है। वहीं प्रत्येक शुक्रवार एवं रविवार दोपहर 1:00 बजे से 3:00 बजे तक आम भंडारे का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं।महोत्सव में समाज की एकता, भाईचारा और सेवा भावना का सुंदर स्वरूप देखने को मिल रहा है। आयोजकों ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से इस पावन आयोजन में शामिल होकर भगवान श्री झूलेलाल का आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया है।
